Saharanpur News : सहारनपुर के गांव में किशोरी को बहलाकर ले जाने के मामले में हुई पंचायत में चार लोगों के सिर मुंडवाने और जूतों की माला पहनाने का मामला सामने आया था। पुलिस ने ग्राम प्रधान पति सहित पांच नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
HighLights
पंचायत के फरमान पर पिता, दो बेटों और भतीजे के मुंडवाए थे सिर।
मामले में दो मुख्य आरोपितों को सहारनपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में गांव में हुई पंचायत में युवक, उसके पिता, भाई व चचेरे भाई के सिर मुंडवाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में ग्राम प्रधान पति समेत पांच नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही दो आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
बता दें कि गांव कोलकी रांघड निवासी व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि किशोरी अपने आप ही घर पर पहुंच गई थी। इसके बाद एक अप्रैल को इस मामले में गांव में मुस्लिम समाज के दो पक्षों में बातचीत के लिए पंचायत हुई थी। आरोप है कि किशोरी पक्ष के लोगों ने युवक पक्ष के लोगों को अपने घर पर बुलाया था और मारपीट भी की थी।

Post a Comment